कोरोना दुनिया में LIVE / दक्षिण कोरिया में तैनात दो अमेरिकी सैनिकों की रिपोर्ट पॉजिटिव: अब तक 60.58 लाख संक्रमित
- दुनिया में अब तक 3 लाख 67 हजार 365 लोगों की मौत हो चुकी है, अमेरिका में सबसे ज्यादा 1 लाख 4 हजार 550 जानें गईं
- नासा ने कहा- तीन भारतीय कंपनियों के अलावा 18 दूसरे कंपनियों को भी वेंटिलेटर बनाने का लाइसेंस दिया गया है
वॉशिंगटन. दुनिया में अब तक 60 लाख 58 हजार 25 लोग संक्रमित हैं। 26 लाख 82 हजार 254 लोग ठीक हुए हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 67 हजार 365 हो गया है। दक्षिण कोरिया में तैनात दो अमेरिकी सैनिक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दोनों को हाल में वहां तैनात किया गया था। दोनों सैनिक 27 मई को द.कोरिया के ओसान एयरबेस पहुंचे थे। यहां एक कैंप हम्फ्रीज में उन्हें आइसोलेट कर दिया गया है, जहां सैनिकों का इलाज किया जा रहा है।
कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 17,94,153 | 1,04,550 | 5,19,611 |
ब्राजील | 4,68,338 | 27,944 | 1,93,181 |
रूस | 3,96,575 | 4,555 | 1,67,469 |
स्पेन | 2,85,644 | 27,121 | 1,96,958 |
ब्रिटेन | 2,71,222 | 38,161 | उपलब्ध नहीं |
इटली | 2,32,248 | 33,229 | 1,52,844 |
फ्रांस | 1,86,238 | 28,662 | 67,191 |
जर्मनी | 1,83,019 | 8,594 | 1,64,100 |
भारत | 1,74,355 | 4,982 | 82,804 |
तुर्की | 1,62,120 | 4,489 | 1,25,963 |
ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
मिस्र: सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने का आदेश
मिस्र में सरकार ने शनिवार से निजी ट्रांसपोर्ट और सरकारी ऑफिस में मास्क पहनने का आदेश दिया है। प्रधानमंत्री मुस्तफा मडबॉली ने कहा कि उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। देश में अगले दो हफ्ते के लिए रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगा रहेगा। यहां अब तक 879 लोगोंकी मौत हो चुकी है, जबकि 22 हजार 82 लोग संक्रमित हैं।
रूस: एक दिन में 8952 संक्रमित मिले
रूस में 24 घंटे में 8952 संक्रमित मिले हैं और 181 लोगों की जान गई है। यहां संक्रमण के मामले 3.96 लाख से ज्यादा हो चुके हैं। अमेरिका और ब्राजील के बाद रूस तीसरा सबसे संक्रमित देश है।
तुर्की: 2 महीने बाद मस्जिदों में नमाज पढ़ी गई
तुर्की में दो महीने बाद मस्जिदों में नमाज पढ़ी गई। सरकार यहां मई महीने में लगातार प्रतिबंधों में राहत दे रही है। देश में सैलून, मॉल और ब्यूटी पार्लरों को खोल दिए गए हैं। राष्ट्रपति रेजेप तैय्यप अर्दोआन ने कहा कि सोमवार से रेस्टोरेंट, लाइब्रेरी, कैफे, समुद्र तट को खोल दिया जाएगा।
अमेरिका: एक दिन में 1225 मौतें
अमेरिका में 24 घंटे में 1225 लोगों की मौत हुई है। यहां मरने वालों की संख्या एक लाख चार हजार 542 हो चुकी है। देश के सबसे संक्रमित राज्य न्यूयॉर्क को 8 जून से खोलना शुरू किया जाएगा। गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने कहा कि गैर-जरूरी कंस्ट्रक्शंस और मैन्युफैक्चरिंग खोले जाने के बाद लगभग चार लाख लोग काम पर जाएंगे। यहां बसों और ट्रेनों का हमेशा साफ किया जा रहा है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम लोगों के लिए बिल्कुल सुरक्षित होगा। उधर, वॉशिंगटन में तीन महीने से जारी स्टे-ऐट-होम ऑर्डर 31 मई को हटा दिया जाएगा।
ब्राजील: 24 घंटे में 1124 जानें गईं
ब्राजील में 27 हजार 944 की जान जा चुकी है। यह आंकड़ा स्पेन (27,121) से ज्यादा है। ब्राजील में एक दिन में 1,124 लोगों ने दम तोड़ा है। यह अमेरिका के बाद दूसरा सबसे ज्यादा संक्रमित देश है। यहां मरीजों की संख्या 4.68 लाख से ज्यादा है।
मर्केल जी7 में शामिल नहीं होंगी
जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल कोरोना के चलते अमेरिका में आयोजित होने वाले जी7 समिट में शामिल नहीं होंगी। महामारी के चलते समुट को रद्द कर दिया गया था। अब 10-12 जून को अमेरिका के डेविड कैंप में इसका आयोजन किया जाएगा। मर्केल ने कहा कि उन्होंने अभी इस पर विचार नहीं किया है कि वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगी या व्यक्तिगत रूप से।
फ्रांस: 24 घंटे में 52 की मौत
फ्रांस में 24 घंटे में 52 लोगों की मौत हुई है। यहां मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 28,714 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक यहां 1 लाख 1 हजार 390 लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं। इनमें से 17,904 की हालत गंभीर है। 67,803 मरीजों के स्वस्थ्य होने के बाद इन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई है। वहीं, अब तक 28,714 की मौत हुई है।
जर्मनी: संक्रमण के 738 नए मामले
जर्मनी में 24 घंटे में 738 नए मामले सामने हैं। संक्रमितों की संख्या 1 लाख 81 हजार 196 हो गई है। वहीं, एक दिन में 39 लोगों की मौत हुई है। देश में मृतकों की संख्या 8,489 हो चुकी है। वहीं, यहां 1 लाख 65 हजार लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं।
पेरू: 1.48 लाख लोग संक्रमित
पेरू में 24 घंटे में संक्रमण के 6506 नए मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 1 लाख 48 हजार 285 मामले मिल चुके हैं। देश में एक दिन में अब तक 131 लोगों की जान गई है। यहां मौतों का आंकड़ा 4230 हो गया है। दक्षिण अमेरिका में ब्राजील के बाद यह दूसरा सबसे संक्रमित देश है।
नासा ने तीन भारतीय कंपनियों को वेंटिलेटर बनाने का लाइसेंस दिया
नासा ने तीन भारतीय कंपनियों समेत 18 कंपनियों को वेंटिलेटर बनाने का लाइसेंस दिया है। इनमें अमेरिका की आठ और ब्राजील की तीन कंपनियां भी शामिल हैं। वहीं, तीन भारतीय कंपनियों में अल्फा डिजाइन टेक्नोलॉजीज, भारत फोर्ड लिमिटेड और मेधा सर्नो ड्राइव्स लिमिटेड हैं।
द.अफ्रीका: 1800 से ज्यादा नए केस मिले
दक्षिण अफ्रीका में मार्च में संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। उसके बाद से शुक्रवार को पहली बार सबसे ज्यादा 1837 नए केस मिले हैं। देश में अब संक्रमितों की संख्या 29 हजार 240 हो चुकी है। वहीं, एक दिन में 34 लोगों की मौत हुई है। इसके सा ही देश में मरने वालों की संख्या 611 हो चुकी है। यहां अब तक 15 हजार 93 लोग ठीक हो चुके हैं। 24 घंटे में 24 हजार 452 टेस्ट किए गए हैं। कुल 6 लाख 80 हजार से ज्यादा टेस्ट हो चुके हैं।
चीन: चार नए मामले मिले
चीन में कोरोनावायरस के चार नए मामले सामने आए हैं। नेशनल हेल्थ कमीशन ने शनिवार को कहा कि नए मामलों में से दो शांडोंग प्रांत से, एक शांघाई से और एक मामला गुआंगडोंग प्रांत से सामने आया है। किसी मरीज के मौत की खबर नहीं है। देश में अब तक 82 हजार 995 संक्रमित हैं, जबकि 4634 लोगों की जान जा चुकी है।
मैक्सिको: 9415 मौतें
मैक्सिको में 24 घंटे में 371 लोगों की मौत हुई है। इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 9415 हो गई है। उप स्वास्थ्य मंत्री हुगो लोपेज-गेटेल ने बताया कि इस दौरान मरीजों की संख्या 3227 बढ़ने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 84 हजार 627 हो गई है।
ओमान: 811 नए मामले
ओमान में शुक्रवार को 811 नए मामले सामने आए। संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,820 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार ओमान के 315 नागरिकों समेत सभी नए मामले सामुदायिक संपर्क से जुड़े हैं। देश में अब तक 2,177 मरीज बीमारी से ठीक हुए हैं, जबकि 40 लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय ने लोगों से क्वारैंटाइन नियम का पालन करने और सार्वजनिक जगहों पर नहीं जाने का आग्रह किया है।